खम्हरिया में 6,244 वर्गफुट कृषि भूमि की बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी का मामला, न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ था अपराध
पाटन। ग्राम खम्हरिया में दूसरे व्यक्तियों के नाम पर दर्ज कृषि भूमि को अपनी बताकर 12 लाख रुपये में बिक्री का सौदा करने वाले 61 वर्षीय आरोपी को अमलेश्वर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने वर्ष 2021 में 6,244 वर्गफुट भूमि का सौदा कर प्रार्थी के पक्ष में इकरारनामा भी निष्पादित किया था।
जांच में भूमि का स्वामित्व अन्य व्यक्तियों के नाम पर पाए जाने के बाद धोखाधड़ी का मामला सामने आया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दीपक झा, निवासी मारुति विहार, रायपुर ने वर्ष 2021 में प्रार्थी जयदीप झा (62), निवासी कन्हैयापुरी, दुर्ग को ग्राम खम्हरिया, पटवारी हल्का नंबर 09, तहसील पाटन स्थित खसरा नंबर 667/2 एवं 667/3 की कुल 6,244 वर्गफुट कृषि भूमि स्वयं की बताकर 12 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था।
इस संबंध में आरोपी ने 6 दिसंबर 2021 को प्रार्थी के पक्ष में इकरारनामा निष्पादित किया था।मामले की जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि राजस्व अभिलेखों में रविन्द्र झा एवं पुष्पलता झा के नाम पर दर्ज है।
इस प्रकार भूमि के वास्तविक स्वामित्व के संबंध में गलत जानकारी देकर प्रार्थी के साथ धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर न्यायालय के परिवाद आदेश से थाना अमलेश्वर में अपराध क्रमांक 170/2026, धारा 318(4) एवं 320 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।विवेचना के दौरान आरोपी के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने 16 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी दीपक झा (61) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना अमलेश्वर के विवेचना अधिकारी एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जमीन खरीदने से पहले दस्तावेजों की जांच जरूरी
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कृषि भूमि अथवा अन्य अचल संपत्ति खरीदने से पहले संबंधित जमीन के स्वामित्व, खसरा, बी-1, नक्शा एवं अन्य राजस्व अभिलेखों का विधिवत सत्यापन अवश्य कराएं। केवल विक्रेता के मौखिक दावे या इकरारनामा के आधार पर संपत्ति का सौदा न करें तथा धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
