ग्राम घोरारी में 43 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, महिला गिरफ्तार

  • रानीतराई पुलिस ने घर में दबिश देकर की कार्रवाई, न्यायिक रिमांड पर भेजी गई जेल

पाटन। दुर्ग जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में रानीतराई थाना पुलिस ने ग्राम घोरारी में अवैध कच्ची महुआ शराब बिक्री के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के मकान में दबिश देकर 43 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 6,450 रुपये बताई गई है। वहीं शराब बिक्री की रकम 450 रुपये भी बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम घोरारी निवासी एक महिला अपने मकान में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब रखकर बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रही है। सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस ने महिला प्रधान आरक्षक सहित टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।

पुलिस ने मौके से श्रीमती ऊषा गायकवाड (35 वर्ष), निवासी ग्राम घोरारी के कब्जे से 11 सफेद प्लास्टिक डिब्बों में रखी कुल 43 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। इसके साथ ही बिक्री की रकम 450 रुपये भी जब्त की गई।
मामले में थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 117/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर महिला को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हुबलाल चंद्राकर, सहायक उप निरीक्षक दिनेश्वर रात्रे, महिला प्रधान आरक्षक चंपा यादव तथा ACCU टीम के आरक्षक दुष्यंत लहरें एवं वीरनारायण की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील: पुलिस ने आम नागरिकों से अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *