उतई। तकनीकी शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों से परिचित कराने के उद्देश्य से प्रिज्म प्राइवेट आईटीआई, महकाखुर्द, उतई के प्रशिक्षणार्थियों द्वारा भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) का एक दिवसीय औद्योगिक भ्रमण किया गया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को संयंत्र की तीन प्रमुख उत्पादन इकाइयों ब्लास्ट फर्नेस-08 ‘महामाया’, स्टील मेल्टिंग शॉप-03 (SMS-03) एवं यूनिवर्सल रेल मिल (URM) का अवलोकन कराया गया। विद्यार्थियों ने इन इकाइयों की कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा तथा इस्पात निर्माण की विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
ब्लास्ट फर्नेस-08 ‘महामाया’ में विद्यार्थियों ने लौह अयस्क एवं अन्य कच्चे माल से पिघले हुए लोहे के उत्पादन की प्रक्रिया, उच्च तापमान पर संयंत्र के संचालन तथा औद्योगिक सुरक्षा मानकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
स्टील मेल्टिंग शॉप-03 (SMS-03) में प्रशिक्षणार्थियों को पिघले हुए लोहे से उच्च गुणवत्ता वाला इस्पात तैयार करने की प्रक्रिया, ऑक्सीजन ब्लोइंग तकनीक तथा कंटीन्यूअस कास्टिंग की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया।
वहीं यूनिवर्सल रेल मिल (URM) में विद्यार्थियों ने आधुनिक रोलिंग तकनीक के माध्यम से रेल पटरियों के निर्माण, उनकी गुणवत्ता जांच एवं उत्पादन के विभिन्न चरणों का बारीकी से अवलोकन किया। विशेष रूप से लंबी एवं उच्च गुणवत्ता वाली रेल पटरियों के निर्माण की तकनीक विद्यार्थियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।

इस अवसर पर संस्थान के प्राचार्य श्री ललित कुमार साहू ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण तकनीकी शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक औद्योगिक परिवेश, आधुनिक मशीनों एवं उत्पादन प्रक्रियाओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलता है। ऐसे अनुभव विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता, व्यावहारिक समझ एवं भविष्य की रोजगारपरक क्षमताओं को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्थान प्रबंधन ने इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने के लिए भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन एवं जनसंपर्क विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही भविष्य में भी विद्यार्थियों के ज्ञान एवं कौशल विकास हेतु इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण एवं शैक्षणिक गतिविधियों के निरंतर आयोजन की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
