देवरीबंगला/ग्राम सिंगारपुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गांधी प्रतिमा का अनावरण कर निषाद सामाजिक भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक कुंवर सिंह निषाद ने की।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आज प्रदेश में भाजपा की सरकार में दो प्रकार की चोरी चरम पर है बिजली चोरी और वोट चोरी।उन्होंने कहा कि किसान खेत में बिना बिजली के परेशान है, गांव-गांव में अघोषित बिजली कटौती हो रही है। भाजपा ने 24 घंटे बिजली देने का वादा किया था, लेकिन आज किसान रात-रात भर जागकर अपने खेतों की सिंचाई करने को मजबूर है।

उन्होंने वोट चोरी पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा वोट चोरी करके सत्ता में आना चाहती है। एसआईआर के नाम पर गरीब, किसान, मजदूर, महिला, पिछड़ा वर्ग और आदिवासी भाइयों का नाम वोटर लिस्ट से काटा जा रहा है। लेकिन कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता अपने बूथ में डटकर इस वोट चोरी को रोकेगा।भूपेश बघेल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि दीपावली के इस पावन पर्व पर हम संकल्प लें कि गांव-गांव में कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएंगे और भाजपा के कुशासन को उखाड़ फेंकेंगे।
इस अवसर पर विधायक संगीता सिन्हा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी, पूर्व अध्यक्ष चंद्रप्रभा सुधाकर, महामंत्री केशव शर्मा, सुनील गोलछा, जीवन कश्यप, जागृत सोनकर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजीव चौधरी, विक्रम देशमुख, टीकमबाई निषाद, सागर साहू, सुमन सोनबोईर, हेमलता साहू,बरसने निषाद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व महिलाएं उपस्थित थी।
