- CEIR पोर्टल की मदद से महाराष्ट्र, बिहार और आंध्र प्रदेश तक पहुंची पुलिस; अब तक 1,400 से अधिक मोबाइल किए जा चुके हैं बरामद
दुर्ग। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने गुम मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तकनीकी जांच और CEIR पोर्टल की मदद से विभिन्न कंपनियों के 201 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है। 14 नवंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की उपस्थिति में सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024, 2025 और 2026 में गुम हुए मोबाइल फोन की पतासाजी के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान तकनीकी जानकारी का विश्लेषण कर दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित अन्य जिलों से मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और बिहार सहित अन्य राज्यों तक पुलिस टीम ने पहुंचकर मोबाइलों की बरामदगी की।
2026 में सातवीं बार लौटाए गए गुम मोबाइल
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026 में दुर्ग पुलिस द्वारा सातवीं बार गुम मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए हैं। CEIR पोर्टल के माध्यम से अब तक 1,400 से अधिक गुम मोबाइल फोन बरामद कर संबंधित लोगों को वापस किए जा चुके हैं।
तकनीकी जांच से मिली सफलता
मोबाइल की पहचान और तकनीकी जानकारी के आधार पर CEIR पोर्टल के माध्यम से निगरानी की गई। जैसे ही गुम मोबाइल किसी अन्य व्यक्ति द्वारा उपयोग में लाए गए, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर संबंधित जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद मोबाइल बरामद कर स्वामित्व की पुष्टि के पश्चात वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने दुर्ग पुलिस और ACCU की टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। इस पूरी कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम तथा जिले के विभिन्न थानों के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील :पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना दें और CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही मोबाइल में स्क्रीन लॉक रखें, महत्वपूर्ण डाटा का बैकअप बनाएं और किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
