पाटन। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोंडपेंड्री में धर्मेंद्र पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। धर्मेंद्र की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसकी ही बहन ने की थी। पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र पाल को शराब पीने की लत थी। शराब के नशे में वह अक्सर घर में विवाद करता था, जिससे परिवार के सदस्य परेशान रहते थे। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी धर्मेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और मां तथा बहन के साथ विवाद करने लगा।
विवाद के दौरान धर्मेंद्र सो गया। इसी बीच उसकी बहन ने गुस्से में आकर सिलबट्टे के लोढ़े से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने संदेह के आधार पर परिजनों से पूछताछ की, जिसमें घटना से जुड़े तथ्य सामने आए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया।
घटना के चंद घंटों के भीतर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा हो गया। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
ग्राम गोंडपेंड्री की इस घटना ने पारिवारिक विवाद और नशे की लत के गंभीर परिणामों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
