पाटन। शिवोम् विद्यापीठ, सांकरा में बाल दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के प्रति प्रेम, सम्मान और उनके बचपन की खुशियों को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर में आनंद मेले का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने विभिन्न गतिविधियों एवं मनोरंजक खेलों का भरपूर आनंद लिया। मेले में बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने पूरे वातावरण को उमंग और उल्लास से भर दिया। विभिन्न खेलों एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ आपसी सहयोग, सहभागिता और खेल भावना का संदेश भी दिया गया।
बाल दिवस को विशेष बनाने के लिए सभी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर उपहार भेंट किया गया। इस आत्मीय पहल से बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह झलक उठा। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

