कम उत्पादन होने पर भी किसानों को मिलेगी पूरी आदान सहायता, प्रति एकड़ ₹13,839 का निर्णय किसान हित में महत्वपूर्ण पहल – मंत्री गजेन्द्र यादव

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में पात्र धान उत्पादक किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया गया है। कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के किसानों के हित में महत्वपूर्ण और राहतकारी पहल बताया है।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों की मेहनत, उनकी जरूरतों और कृषि परिस्थितियों को ध्यान में रखकर निर्णय ले रही है। इस फैसले की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अब किसान यदि कम उत्पादन के कारण प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचते हैं, तब भी उन्हें सत्यापित धान के रकबे के अनुसार पूरी निर्धारित आदान सहायता राशि मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले कम उत्पादन होने की स्थिति में किसानों को निर्धारित मात्रा के अनुपात में ही सहायता मिल पाती थी। अब सरकार ने किसानों को राहत देते हुए यह सुनिश्चित किया है कि कम उपज के कारण उन्हें आर्थिक सहायता से वंचित न होना पड़े। यह निर्णय विशेषकर उन किसानों के लिए लाभकारी होगा, जहां प्राकृतिक एवं भौगोलिक परिस्थितियों के कारण धान का उत्पादन अपेक्षाकृत कम होता है।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की किसान कल्याण की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। धान खरीदी के लिए 3100 रुपये प्रति क्विंटल की निर्धारित दर और कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का यह निर्णय किसानों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *