जामगांव आर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धान खरीदी शुरू होने से पहले किसानों के हित में बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि जिन किसानों की धान की उपज प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम है, उन्हें भी निर्धारित प्रावधानों के तहत शेष मात्रा के हिसाब से 13,839 रुपये प्रति एकड़ तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। इस घोषणा से कम उत्पादन वाले किसानों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
भाजपा जामगांव आर मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू ने मुख्यमंत्री की इस घोषणा को किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की मेहनत और उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए लगातार निर्णय ले रही है। कई बार मौसम की प्रतिकूलता, सिंचाई की समस्या और अन्य कारणों से किसानों की फसल का उत्पादन कम हो जाता है। ऐसे में 21 क्विंटल प्रति एकड़ की निर्धारित सीमा से कम धान उत्पादन करने वाले किसानों को भी सहायता देने का निर्णय राहतकारी है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार यदि किसी किसान की प्रति एकड़ उपज 21 क्विंटल से कम होती है और वह निर्धारित मात्रा से कम धान बेच पाता है, तो शेष मात्रा के आधार पर उसे आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इससे कम उत्पादन के कारण किसानों को होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई में मदद मिलेगी। साथ ही बिचौलियों पर भी अंकुश लगाने में सहायता मिल सकती है।
कमलेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है। धान खरीदी से पहले की गई यह घोषणा किसानों के लिए भरोसा और आर्थिक सुरक्षा का संदेश है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की किसान हितैषी घोषणाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं भाजपा सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
