कर्मचारी संगठन रवेली ने प्रतिभावान बच्चों का किया सम्मान

  • 32 वर्षों से निरंतर जारी है सम्मान समारोह की परंपरा, आयोजन से प्रेरणा लेकर गांव के बच्चे देश-विदेश में रोशन कर रहे हैं नाम

पाटन। कर्मचारी संगठन रवेली द्वारा भाई दूज मातर महोत्सव के शुभ अवसर पर आयोजित वार्षिक सम्मान समारोह में ग्राम के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं नव नियुक्त कर्मचारियों का सम्मान किया गया। संगठन द्वारा पिछले 32 वर्षों से निरंतर यह आयोजन किया जा रहा है।
ग्राम रवेली के कर्मचारियों ने 32 वर्ष पूर्व संगठन का गठन कर भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने की परंपरा प्रारंभ की थी। इस आयोजन से प्रेरित होकर गांव के अनेक होनहार बच्चे आज शिक्षा, प्रशासन, तकनीक एवं अन्य क्षेत्रों में देश-विदेश में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ विगत एक वर्ष के दौरान गांव में दिवंगत हुए व्यक्तियों को सामूहिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित कर एवं उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन धारण कर किया गया।

इस अवसर पर कु. नूतन साहू, सुपुत्री रोहित साहू, को कक्षा 12वीं की गणित विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त करने तथा कु. हीना साहू को एम्स, नागपुर में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर चयनित होने पर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में अभिषेक वर्मा को भारतीय रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर चयनित होने पवन कुमार वर्मा, अंकित वर्मा एवं दीपांकन वर्मा को विभिन्न पदों पर चयनित होने तथा शेष नारायण सेन को स्वास्थ्य विभाग में पदोन्नति प्राप्त होने पर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा, तुषार साहू, कु. आस्था वर्मा, शशांक वर्मा एवं सौम्य वर्मा को शिक्षा के क्षेत्र में विशेष उपलब्धि हासिल करने पर सम्मानित किया गया। साथ ही, राजभवन एवं उद्यानिकी विभाग में दैनिक वेतनभोगी के रूप में कार्यरत कर्मचारियों का भी सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने की। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पिछले 32 वर्षों में रवेली गांव के बच्चों ने शिक्षा, प्रशासन, तकनीक एवं विदेशों में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से गांव का गौरव बढ़ाया है। संगठन के शासन के अधीन पंजीकृत होने से नई पीढ़ी को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। भविष्य में संगठन शासन के सहयोग से बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगारमूलक कार्यशालाओं का आयोजन भी करेगा।
उन्होंने आगे कहा कि प्रतिभा किसी एक समाज तक सीमित नहीं होती। हमें किसी भी समाज के प्रतिभावान बच्चों से निःसंकोच प्रेरणा लेनी चाहिए। बिना किसी भेदभाव के एक-दूसरे का सहयोग एवं सहारा बनना चाहिए। ईश्वर ने हमें मनुष्य के रूप में जन्म दिया है, इसलिए यह हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि अहंकार का त्याग कर दूसरों के उत्तरोत्तर विकास में सदैव सहयोगी बनें।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रविशंकर वर्मा थे। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में चेलाराम नायक, छन्नूलाल वर्मा एवं अंगीरा वर्मा उपस्थित रहे।
संगठन के सचिव राजकुमार वर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं संगठन के सदस्यों द्वारा दिए गए सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मपाल वर्मा एवं राजेश वर्मा ने किया।
सम्मान समारोह के पश्चात ग्राम लिटिया-सेमरिया के सांस्कृतिक मंच द्वारा ‘संत समाज नाच पार्टी’ का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया, जिसका बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीणों ने आनंद उठाया।
कार्यक्रम में विशेष रूप से कौशल वर्मा, प्रमोद वर्मा, डीलेश वर्मा (कोषाध्यक्ष), जन्मेजय वर्मा, जयंत वर्मा, संतोष वर्मा, विजय वर्मा, हेमशंकर वर्मा, देवेंद्र नायक, धनंजय वर्मा, अशोक चंद्राकर, रामप्यारे वर्मा, टोमन साहू, भुनेश्वरी साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *