- पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने दी श्रद्धांजलि, समाजसेवा में उनके योगदान को किया याद
पाटन। समाजसेवी, क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी, पूर्व सरपंच एवं पूर्व जनपद सदस्य स्वर्गीय कृष्ण कुमार साहू की पुण्य स्मृति में ग्राम भनसुली में आयोजित वार्षिक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल सहित जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने स्वर्गीय कृष्ण कुमार साहू के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उनके व्यक्तित्व, कृतित्व और समाजसेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय कृष्ण कुमार साहू का जीवन सादगी, सेवा और समर्पण का प्रतीक रहा। सरपंच एवं जनपद सदस्य के रूप में उन्होंने गांव और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक प्रतिष्ठित व्यापारी होने के साथ-साथ वे ग्रामीणों के सुख-दुख में हमेशा सहभागी रहे। उनका सेवाभाव और मिलनसार व्यक्तित्व क्षेत्रवासियों के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय कृष्ण कुमार साहू ने समाज और क्षेत्र के लिए जो योगदान दिया है, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी सादगी, सेवाभाव और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।स्वर्गीय कृष्ण कुमार साहू पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक साहू, मुकेश साहू, कमलेश साहू एवं मनीष साहू के पिता थे।
