सोनपुर में दीपावली मिलन एवं पथसंचलन का आयोजन, पंच परिवर्तन के संदेश से सामाजिक एकता का आह्वान

पाटन,,, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के केसरा मंडल द्वारा ग्राम सोनपुर में दीपावली मिलन एवं पथसंचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छत्तीसगढ़ प्रांत के प्रांत प्रचारक अभयराम कुम्भकार मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने अनुशासन, संगठन और सामाजिक समरसता का परिचय देते हुए पथसंचलन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य वक्ता अभयराम कुम्भकार ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत का इतिहास हमें यह सीख देता है कि जब समाज में आपसी एकता, संगठन और सामाजिक सद्भाव का अभाव होता है, तब बाहरी शक्तियां इसका लाभ उठाती हैं। देश को लंबे समय तक गुलामी का सामना करना पड़ा, इसके पीछे सामाजिक एकता की कमी भी एक महत्वपूर्ण कारण रही। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की मजबूती के लिए समाज का संगठित, जागरूक और एकजुट होना आवश्यक है।

उन्होंने वर्तमान समय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा बताए गए पंच परिवर्तन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। इसमें स्वदेशी, नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सद्भाव और कुटुम्ब प्रबोधन को प्रमुख आधार बताया। उन्होंने कहा कि इन पांच विषयों को प्रत्येक परिवार और समाज के जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। स्वदेशी के माध्यम से देश में निर्मित वस्तुओं को प्राथमिकता देना, नागरिक कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना, पर्यावरण की रक्षा करना, समाज में जाति-पंथ से ऊपर उठकर सद्भाव बनाए रखना तथा परिवार में संस्कार और अच्छे विचारों का प्रसार करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल शासन या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भूमिका होनी चाहिए। जब परिवार संस्कारित होंगे, समाज में आपसी विश्वास और सहयोग बढ़ेगा तथा नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक होंगे, तभी एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव होगा।

दीपावली मिलन के अवसर पर स्वयंसेवकों ने आपसी आत्मीयता और भाईचारे के साथ पर्व की शुभकामनाएं साझा कीं। इसके पश्चात आयोजित पथसंचलन में स्वयंसेवकों ने अनुशासित ढंग से कदमताल करते हुए संगठन और सामूहिक एकजुटता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पाटन खण्ड सहसंघचालक लीलाधर वर्मा, जिला कार्यवाह सुनील पटेल, खण्ड कार्यवाह थनेन्द्र कुम्भकार सहित वरिष्ठ स्वयंसेवक रामूराम चक्रधर, रतन चक्रधर, चेलाराम साहू, राजेन्द्र साहू, डॉ. संतराम कुम्भकार, ईश्वरी कुम्भकार, पुष्कर कुम्भकार, महेंद्र कुम्भकार, शेखर चक्रधारी, गौकरण चक्रधारी, कृष्णा निषाद,उमेश कुम्भकार, भुनेश चक्रधर, हेमलाल साहू, प्रतीक चक्रधर, प्रणव शर्मा सहित केसरा मंडल के समस्त स्वयंसेवक बंधु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली के पर्व के माध्यम से सामाजिक आत्मीयता बढ़ाने, संगठन की भावना को मजबूत करने और पंच परिवर्तन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *