- सरपंच के जेल में निरुद्ध रहने के बाद पंचों ने सर्वसम्मति से लिया निर्णय, एसडीएम के आदेश पर हुई कार्रवाई
पाटन। जनपद पंचायत पाटन अंतर्गत ग्राम पंचायत अचानकपुर में सोमवार को पंचों ने सर्वसम्मति से कार्यवाहक सरपंच का चुनाव किया। वार्ड क्रमांक 14 की पंच गायत्री यादव को कार्यवाहक सरपंच चुना गया। उनके चयन से ग्राम पंचायत के रुके हुए विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत अचानकपुर के सरपंच देवानंद साहू सोशल मीडिया पर सतनामी समाज के संबंध में कथित विवादित टिप्पणी करने के आरोप में केंद्रीय जेल दुर्ग में निरुद्ध हैं। सरपंच के जेल में रहने के कारण ग्राम पंचायत के विभिन्न कार्य प्रभावित हो रहे थे। इस स्थिति को देखते हुए पंचों ने एसडीएम पाटन को ज्ञापन सौंपकर प्रभारी सरपंच नियुक्त करने की मांग की थी।
पंचों की मांग पर एसडीएम पाटन नीर निधि नंदेहा ने कार्रवाई करते हुए 22 अक्टूबर को सरपंच देवानंद साहू को निलंबित करने तथा प्रभारी सरपंच नियुक्त करने का आदेश जारी किया था।
इसी क्रम में एसडीएम के निर्देश पर सोमवार को जनपद पंचायत पाटन द्वारा वरिष्ठ करारोपण अधिकारी आर.एल. भुआर्य की उपस्थिति में विधिवत प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान पंचों ने सर्वसम्मति से वार्ड क्रमांक 14 की पंच गायत्री यादव को कार्यवाहक सरपंच चुना। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि पंचायत में लंबित कार्यों का संचालन सुचारु रूप से हो सकेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
इस मौके पर मुख्य रूप से सचिव कल्याणी बंजारे, सुखी निर्मलकर, धनेश साहू, सत्या निर्मलकर, उर्वशी साहू,ओम कुमारी साहू,मैंना साहू,मनोज कुमार साहू,पुष्पलता निर्मल,कमलेश्वरी साहू,कविता साहू,भारती साहू,टोमन निर्मलकर सहित अन्य उपस्थित थे।
