पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये नकद बरामद, दो व्यक्ति हिरासत में

  • खुर्सीपार पुलिस की वाहन चेकिंग के दौरान कार्रवाई, नकदी के स्रोत और परिवहन के उद्देश्य की जांच जारी


दुर्ग। दुर्ग जिले के खुर्सीपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन के गुप्त चेंबर से 4 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 QU 5996 में नकदी छिपाकर ले जाई जा रही थी। मामले में वाहन सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 अक्टूबर 2026 को सूचना के आधार पर डबरापारा क्षेत्र में रात करीब 11 बजे वाहन को रोककर जांच की गई। वाहन का पिछला हिस्सा मॉडिफाई कर बंद किया गया था। सघन तलाशी लेने पर उसमें एक विशेष गुप्त चेंबर मिला। चेंबर को खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई, जिसकी कुल राशि 4 करोड़ रुपये बताई गई है।

दो व्यक्तियों से पूछताछ
वाहन में सवार व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी (चालक) और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से बरामद रकम के स्रोत, स्वामित्व और इसे ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।
आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद नकदी के वित्तीय स्रोत और अन्य संबंधित तथ्यों की जांच के लिए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का मुख्य विषय यह है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *