भारत लोकतंत्र से चलता है, किसी के ‘रेजीम चेंज’ या तख्तापलट के मंसूबों से नहीं; देश को अस्थिर करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे: विजय साहू

  • सुप्रीम कोर्ट, राष्ट्रपति और निर्वाचन आयोग पर लगातार हमले करने वालों को देश की जागरूक जनता सबक सिखाएगी।

भिलाई नगर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लगातार रहस्यमयी विदेश यात्राओं और उनके सहयोगियों द्वारा देश में ‘रेजीम चेंज’ (तख्तापलट) की बयानबाजी पर भाजपा नेता व छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व क्रेडा सदस्य श्री विजय साहू ने तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि भारत एक जीवंत और मजबूत लोकतंत्र है, जहाँ सत्ता का फैसला जनता के वोट से होता है, किसी के विदेशी इशारों या अराजक मंसूबों से नहीं।

विजय साहू ने कहा कि राहुल गांधी हाल ही में वियतनाम यात्रा पर गए हैं। वर्ष 2014 के बाद से वे अब तक 50 से अधिक विदेश यात्राएं कर चुके हैं, जिन पर करोड़ों रुपये खर्च हुए हैं। यात्रा पर जाना उनका व्यक्तिगत विषय हो सकता है, लेकिन चिंता का विषय यह है कि उनकी यात्राओं के बीच उनके समर्थक और सहयोगी दल के नेता खुलेआम ‘रेजीम चेंज’, तख्तापलट और देश में खून-खराबे की धमकियां देने लगते हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत द्वारा राहुल गांधी के लौटने पर ‘रेजीम चेंज’ की बात कहना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि विपक्ष लोकतांत्रिक जनादेश को पचा नहीं पा रहा है।

उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि हमारे देश में सत्ता परिवर्तन की एक संवैधानिक और पारदर्शी व्यवस्था है। जनता जब चाहती है कांग्रेस को मौका देती है और जब चाहती है भाजपा-एनडीए को पूर्ण बहुमत से चुनती है। लेकिन तानाशाही की मानसिकता रखने वाले लोग ताकत के दम पर चुनी हुई सरकार को गिराने और देश की व्यवस्था पर कब्जा करने का कुत्सित सपना देख रहे हैं।

विजय साहू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल अपनी राजनीतिक विफलता छिपाने के लिए देश की सर्वोच्च अदालत, महामहिम राष्ट्रपति और भारत निर्वाचन आयोग जैसी स्वायत्त संवैधानिक संस्थाओं को लगातार निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की संप्रभुता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के साथ खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। देश की 140 करोड़ जागरूक जनता ऐसे अराजक और अलोकतांत्रिक तत्वों को पहचान चुकी है और वक्त आने पर इन्हें करारा सबक सिखाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *