रानीतराई में दशहरा पर्व की तैयारियां जोरों पर, बस स्टैंड में होगा 50 फीट ऊंचे रावण का दहन



टिकेंद्र वर्मा@रानितराई। क्षेत्र में अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक महापर्व ‘विजयादशमी’ (दशहरा) मनाने के लिए तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। रानीतराई का मुख्य दशहरा उत्सव स्थानीय बस स्टैंड परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों और उत्सव समिति में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
50 फीट का रावण होगा आकर्षण का केंद्र—
उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस साल दशहरे के अवसर पर 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का निर्माण कराया गया है। पुतले को आकर्षक और भव्य रूप देने के लिए कारीगर पिछले कई दिनों से जुटे हुए हैं। रावण दहन के दौरान इस बार विशेष और आधुनिक आतिशबाजी भी देखने को मिलेगी, जो क्षेत्र के लोगों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी।
बस स्टैंड में सजेगा मंच, उमड़ेगी भारी भीड़—
आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बस स्टैंड परिसर में विशाल मंच और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन समिति और स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि आसपास के गांवों से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और रामलीला का होगा आयोजन–
रावण दहन से पूर्व भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद बस स्टैंड रंगमंच पर पारंपरिक पूजा-अर्चना और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी। देर शाम भगवान श्रीराम द्वारा तीर चलाकर 50 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा, जिसके साथ ही बुराई के अंत का संदेश गूंजेगा।आयोजन समिति ने रानीतराई सहित आसपास के समस्त अंचल वासियों से इस भव्य दशहरा उत्सव में सपरिवार शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *