ग्राम देमार में 42 वर्षों से हो रहा रामलीला का आयोजन, दो परम मित्र निभाएंगे रावण और अंगद का किरदार

  • 25 फीट के रावण का होगा दहन, छत्तीसगढ़ी नाच ‘चरणदास दानी’ और भव्य आतिशबाजी रहेगी आकर्षण का केंद्र

पाटन। ग्राम देमार में विगत 42 वर्षों से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी विजयादशमी के अवसर पर रोचक और रोमांचक रामलीला का मंचन किया जाएगा। आयोजन में सबसे खास बात यह है कि दो परम मित्र शत्रुघ्न सालिक साहू और दिलेश्वर पाटिल रामलीला के मंच पर एक-दूसरे के आमने-सामने नजर आएंगे। इनमें से एक रावण और दूसरा अंगद का किरदार निभाएगा। दोनों मित्रों के बीच रामलीला के मैदान में होने वाला संवाद और अभिनय दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।
आयोजन के दौरान लगभग 25 फीट ऊंचे विशाल रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी रखा गया है, जो विजयादशमी के उत्सव को और आकर्षक बनाएगा।
वहीं, रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी नाच ‘चरणदास दानी’ की प्रस्तुति होगी। इसमें दर्शकों को छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
ग्राम देमार में चार दशकों से अधिक समय से चली आ रही रामलीला की परंपरा गांव की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। इस आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *