दीपशिखा विद्यालय में गरबा की धूम, मां दुर्गा के नौ रूपों में सजे विद्यार्थी; नारी शक्ति और अच्छाई की जीत का दिया संदेश


उतई। दीपशिखा विद्यालय, डुमरडीह, उतई में नवरात्रि पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दोनों पालियों के विद्यार्थियों ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने विभिन्न रूपों के माध्यम से अधर्म और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया। इसके साथ ही गरबा नृत्य के माध्यम से मां शक्ति और मां दुर्गा की आराधना कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम में दीपशिखा शिक्षण समिति के डायरेक्टर डी.एल. सिन्हा ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नवरात्रि पर्व की बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पर्व की महत्ता बताते हुए कहा कि जीवन में आसुरी प्रवृत्तियों को हावी नहीं होने देना चाहिए। इससे बचने के लिए व्यक्ति को अपने भीतर भक्ति, शक्ति और विश्वास की भावना जागृत करनी चाहिए।

विद्यालय के प्राचार्य के.आर. सिन्हा ने कहा कि जब जीवन में कोई कार्य असंभव प्रतीत होने लगे और आत्मविश्वास कमजोर पड़ने लगे, तब मां शक्ति और अपने आराध्य देव की उपासना से आत्मबल बढ़ाने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार रूपी विकार कभी-कभी व्यक्ति के नियंत्रण से बाहर होने लगते हैं। ऐसी स्थिति में ध्यान, भजन, आराधना और उपासना के माध्यम से स्वयं को संयमित कर सन्मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।विद्यालय के शालानायक रुद्र कुमार चंद्राकर ने नवरात्रि पर्व पर अपने विचार रखते हुए कहा कि मां की आराधना केवल नौ दिनों तक ही सीमित नहीं रहनी चाहिए, क्योंकि मातृशक्ति सदैव पूजनीय और वंदनीय है। उन्होंने कहा कि समाज में मातृशक्ति के सम्मान की सार्थकता तभी है, जब महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और समानता का अधिकार मिले। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के भीतर शक्ति विद्यमान है, जो उसे अन्याय के विरुद्ध लड़ने और गिरकर पुनः उठने का साहस देती है। इस आंतरिक शक्ति को सदैव जागृत रखना चाहिए।

विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों की विद्यालय की स्काउट-गाइड शिक्षिका अन्नपूर्णा रामटेके ने भूरी-भूरी प्रशंसा की और सभी को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम में अंग्रेजी माध्यम की प्राचार्य शांता सोनवानी, उपप्राचार्य प्रमोद कुमार, प्रधान पाठक एन.के. चंद्राकर, शरणजीत कौर, इंचार्ज एस.आर. सेन सहित हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका भूमिका साहू ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *