पाटन में 1.36 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन, चार कार्यों का लोकार्पण

सांसद विजय बघेल ने की शव वाहन देने की घोषणा, स्वच्छता दीदियों और कर्मचारियों का किया सम्मान अंत में सभी को स्वक्षता की शपथ दिलाई

पाटन। नगर पंचायत पाटन में शनिवार, 17 अक्टूबर को ऑडिटोरियम परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि तथा भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने की।

इस अवसर पर नगर पंचायत की स्वच्छता दीदियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सांसद विजय बघेल के हाथों सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने पाटन के गौठान में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले को सच्चा गौसेवक बताया। सांसद ने कहा कि जनसेवा को अपने हृदय में स्थान देकर कार्य किया जाए तो विकास निश्चित रूप से होता है। इस दौरान उन्होंने पाटन नगर के लिए शव वाहन उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।

गुणवत्तापूर्ण निर्माण पर दिया जोर,,,भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास कार्यों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के भूमिपूजन के बाद निर्माण के दौरान संबंधित वार्ड के पार्षदों एवं जनप्रतिनिधियों को मौके पर उपस्थित रहना चाहिए, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके

।नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने स्वागत भाषण में बताया कि पाटन के गौठान में 400 से अधिक गौवंश का पालन-पोषण किया जा रहा है। उन्होंने सांसद विजय बघेल से नगर के प्रसिद्ध रामलीला चबूतरे के नवनिर्माण के लिए राशि स्वीकृत कराने की मांग रखी।

कार्यक्रम में भूमिपूजन का विधि-विधान आचार्य कृष्ण कुमार तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

15 विकास कार्यों के लिए 115.63 लाख रुपये स्वीकृत नगर पंचायत से जारी सूची के अनुसार, नगर में 15 विकास कार्यों के भूमिपूजन के लिए कुल 115.63 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें वार्ड क्रमांक 7 में विप्र भवन के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 3 में शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 15 में अटारी नर्सरी रोड से कंपोस्ट शेड तक सीसी रोड एवं नाली निर्माण के लिए 20.81 लाख रुपये शामिल हैं।इसके अलावा वार्ड क्रमांक 4 में ठेठवार समाज भवन एवं देवांगन समाज भवन के पास पेवर ब्लॉक लगाने, वार्ड क्रमांक 5 में नाली निर्माण एवं पेवर ब्लॉक स्थापना, वार्ड क्रमांक 6 में सीसी रोड निर्माण, वार्ड क्रमांक 7 एवं 9 में सीसी रोड निर्माण व मरम्मत तथा नगर पंचायत कार्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण के कार्य किए जाएंगे। वार्ड क्रमांक 14 में सीसी रोड मरम्मत एवं नाली निर्माण भी प्रस्तावित है।सांसद निधि और अध्यक्ष निधि से भी होंगे निर्माण कार्यसांसद निधि से वार्ड क्रमांक 5 के यादव समाज भवन में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 3 के मंडी प्रांगण में बोर खनन एवं पंप स्थापना के लिए 2.50 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 4 के मजदूर कल्याण भवन में सुलभ निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं, अध्यक्ष निधि से वार्ड क्रमांक 3 के सामुदायिक भवन में शेड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।लोकार्पण के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 3 में शिव मंदिर के पास, वार्ड क्रमांक 4 में आत्मानंद चौक के पास, वार्ड क्रमांक 5 में शासकीय महाविद्यालय के पास तथा वार्ड क्रमांक 13 के खोरपा में निर्मित यात्री प्रतीक्षालयों के कार्य शामिल हैं। इन चारों कार्यों की कुल लागत 20.40 लाख रुपये बताई गई है।

जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम का संचालन हेडमास्टर संतोष शर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा ने किया।

इस अवसर पर नगर पंचायत उपाध्यक्ष निशा सोनी, केवल देवांगन, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक, पाटन मंडल अध्यक्ष रानी केशव बंछोर, पार्षद जितेंद्र निर्मलकर, चंद्रप्रकाश देवांगन, नेहा बाबा वर्मा, देवेंद्र ठाकुर, अन्नपूर्णा पटेल, संगीता धुरंधर, एल्डरमैन दामोदर चक्रधारी, गोवर्धन बिजौरा, प्रकाश बिजौरा, गंगा प्रसाद देवांगन, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षा चंद्राकर, पूर्व मंडल अध्यक्ष लोकमणि चंद्राकर एवं खेमलाल साहू, सांसद प्रतिनिधि जनपद राजेश चंद्राकर, बठेना सरपंच कुनिका वर्मा, तरीघाट सरपंच चंद्रिका साहू, विनीता देवांगन, रेणुका बिजौरा, दिनेश मिश्रा, घनश्याम सोनी, हेमलता पटेल, नरेंद्र देवांगन, प्रमोद मिश्रा, दरबार मोखली, भाजपा महामंत्री सुरेश साहू, छबि श्याम देवांगन, सुरेंद्र वर्मा, छोटू देवांगन, नारद सेन, मिलन देवांगन, चिरंजीवी देवांगन, संजय शुक्ला एवं पंडित विजय सावर्णी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नागरिक तथा नगर पंचायत के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *