- जिला साहू संघ दुर्ग द्वारा सामाजिक संस्कार कार्यशाला एवं नियमावली की दी जाएगी जानकारी, धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ देवबलौदा में होगा समापन
दुर्ग। जिला साहू संघ दुर्ग के तत्वावधान में 25 अक्टूबर को सामाजिक सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भावना को बढ़ावा देने के साथ सामाजिक संस्कारों एवं नियमावली के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इस यात्रा के माध्यम से समाज के लोगों के बीच संवाद स्थापित कर सामाजिक विश्वास को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सामाजिक सद्भावना यात्रा सुबह 9.00 बजे जिला साहू संघ दुर्ग के सामाजिक भवन में भक्त माता कर्मा की आरती पूजा के साथ प्रारंभ होकर परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के ग्राम सेलूद में सुबह 10.00 बजे पहुंचेगी। यहां समाज परिवार की ओर से सामाजिक संस्कार कार्यशाला आयोजित की जाएगी तथा समाज की नियमावली के संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद यात्रा सुबह 11.00 बजे जामगांव आर परिक्षेत्र पहुंचेगी।
यात्रा के अगले पड़ाव में दोपहर 12.00 बजे बेल्हारी परिक्षेत्र के आगेसरा में वृंदा देवी के दर्शन किए जाएंगे, जहां भोजन अवकाश होगा। इसके पश्चात सामाजिक सद्भावना यात्रा दोपहर 2.00 बजे तेलीगुंडरा परिक्षेत्र के कौही पहुंचेगी, जहां भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर 3.00 बजे ठकुराइन टोला में भगवान के दर्शन कर समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की जाएगी।
उसके बाद यात्रा आगे दोपहर 3.30 बजे झीट परिक्षेत्र पहुंचेगी, जहां सामाजिक परिचर्चा के माध्यम से समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद शाम 4.30 बजे देवबलौदा में सामाजिक सद्भावना यात्रा का समापन होगा।
जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष नंदलाल साहू ने बताया कि सामाजिक सद्भावना यात्रा के माध्यम से समाज में जनजागरण लाने, सामाजिक संस्कारों को बढ़ावा देने तथा आपसी विश्वास और एकजुटता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को संगठित करने और सामाजिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
