राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल रणनीति तैयार करने पूर्व से ही दिल्ली में डटे, मार्च के दौरान कहा— “वोट चोरी के खिलाफ जनता की यह लड़ाई आखरी दम तक जारी रहेगी”
दुर्ग। देश में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आज राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में विपक्षी गठबंधन इंडिया ब्लॉक द्वारा आयोजित मार्च फ़ॉर डेमोक्रेसी में छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने अपनी एकजुटता और शक्ति का ऐतिहासिक प्रदर्शन किया।
मुख्य चुनाव आयुक्त द्वारा चुनावी प्रक्रिया में लगातार अनियमितताओं और “वोट चोरी” के खिलाफ कॉन्स्टिट्यूशन क्लब से सुप्रीम कोर्ट तक निकाले गए इस विशाल आंदोलन में छत्तीसगढ़ से विशेष रणनीति और कमान संभालते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दिल्ली में मौजूद हैं। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई नगर अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर भी उक्त लोकतंत्र बचाओ रैली में शामिल होने दिल्ली में डटे हुवे हैं।
इस राष्ट्रव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पिछले कई दिनों से दिल्ली में ही डेरा डाले हुए है। मार्च के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ अग्रिम पंक्ति में चलते हुए भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला और कहा की “यह लड़ाई तब तक थमेगी नहीं जब तक देश में लोकतंत्र पूरी तरह बहाल नहीं हो जाता। मौजूदा सरकार जनमत की कथित चोरी पर टिकी है। हमने पहले चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया, राष्ट्रपति जी से गुहार लगाई और अब हम देश के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए न्यायपालिका के सर्वोच्च मंदिर (सुप्रीम कोर्ट) पहुंचे हैं।”
इस दौरान राज्य के सभी विधायक गण और समस्त जिलों के अध्यक्ष इस रैली में शामिल होने विशेष रूप से दिल्ली पहुंचे। छत्तीसगढ़ की इस मजबूत मौजूदगी में दुर्ग (ग्रामीण) जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, धीरज बाकलीवाल, मुकेश चंद्राकर भी दिल्ली की सड़कों पर पूरी ताकत से डटे रहे।
दुर्ग ग्रामीण जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने दूरभाष पर मीडिया से चर्चा करते हुवे कहा की नेता विपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल , छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव प्रदेश, अध्यक्ष दीपक बैज के उपस्थिति में सुप्रीम कोर्ट तक आयोजित मार्च फ़ॉर डेमोक्रेसी में शामिल हुआ। चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूचियों में किए जा रहे ‘स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन’ (SIR) का जो खेल चल रहा है, उसे देश का एक-एक नागरिक और कार्यकर्ता समझ रहा है। हम छत्तीसगढ़ की पावन धरा से दिल्ली के इस मंच तक यह बताने आए हैं कि जनता के वोट पर डाका डालने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुरजोर विरोध किया जाएगा। ज्ञानेश कुमार को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए और सरकारी गवाह बन जाना चाहिए अन्यथा ज्ञानेश कुमार के खिलाफ अपराध दर्ज कर तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए ।
