पाटन। ग्राम पंचायत तरीघाट में आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और जागरूकता को बढ़ावा देना रहा। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से माताओं और बच्चों को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार एवं गर्भवती माताओं की गोदभराई की रस्म संपन्न कराई गई। वहीं सुपोषित बच्चों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन एवं सम्मान किया गया। महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत तरीघाट की सरपंच चंद्रिका साहू ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ एवं सुपोषित भविष्य ही मजबूत समाज की नींव है। आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और माताओं को पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं और बच्चों में स्वास्थ्य व पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ती है तथा सामुदायिक सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम में सुपरवाइजर झरना दास, वीणा साहू, शोभना सोनी, अरुण साहू, गीता सिन्हा, भारती साहू, मंजू टंडन, ईश्वरी सिन्हा, केशरी सिन्हा सहित अन्य महिलाएं एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
तरीघाट में आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान, अन्नप्राशन व गोदभराई के साथ महिलाओं ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा
