- सरपंच चंद्रिका साहू ने गांव के विकास के लिए युद्धस्तर पर शुरू कराया काम, उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी सहित पंचों को सौंपी जिम्मेदारी
पाटन। पुरातात्विक गांव तरीघाट में बरसात के बाद अब विकास एवं मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने की कवायद शुरू हो गई है। ग्राम पंचायत की सरपंच चंद्रिका साहू ने गांव के समग्र विकास के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार कर जिम्मेदारियां तय की हैं। इसके तहत उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी सहित पंचों को अलग-अलग कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गांव में विकास कार्यों की शुरुआत नालियों की सफाई से की गई है। लंबे समय से नालियों में जमा गंदगी एवं कचरे को हटाने के साथ जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। सफाई कार्य के बाद गांव की गलियों और मोहल्लों में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की भी योजना बनाई गई है।
मुक्तिधाम का कार्य प्राथमिकता में
ग्राम पंचायत ने गांव के सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल मुक्तिधाम के निर्माण/विकास को भी प्राथमिकता में रखा है। इसके लिए पूर्व में तैयार योजना को अब मूर्त रूप देने की दिशा में काम शुरू किया गया है। पंचायत का प्रयास है कि ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध हो सके।
गली-मोहल्लों में रोशनी और बाजार चौक की सफाई पर जोर
विकास कार्यों की कड़ी में गांव की गली-मोहल्लों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने, खराब लाइटों को ठीक कराने तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी है। वहीं बाजार चौक में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
सुरक्षा के लिए कैमरे भी होंगे दुरुस्त
गांव में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को भी दुरुस्त कराने की योजना है। खराब या बंद पड़े कैमरों को ठीक कर उन्हें पुनः चालू कराने की दिशा में पंचायत स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
सरपंच चंद्रिका साहू ने विकास कार्यों को गति देने के लिए पंचायत के जनप्रतिनिधियों के बीच जिम्मेदारियां तय की हैं। उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी सहित पंचों को अपने-अपने क्षेत्र में कार्यों की निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारी दी गई है। पंचायत का लक्ष्य है कि बरसात के बाद गांव की मूलभूत व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करते हुए चरणबद्ध तरीके से विकास कार्यों को पूरा किया जाए।
