देवादा में आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान, अन्नप्राशन व गोदभराई से गूंजा आयोजन


पाटन। ग्राम पंचायत देवादा में आंगन मिलन सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण तथा जागरूकता को लेकर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनबाड़ी केंद्र से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से माताओं को बच्चों के बेहतर पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।


आयोजन के दौरान नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया, वहीं गर्भवती माताओं की गोदभराई की रस्म भी परंपरागत रूप से संपन्न हुई। इसके अलावा सुपोषित बच्चों को उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया और सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता भी रखी गई, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत देवादा की सरपंच लक्ष्मी नीलू वर्मा ने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बच्चे ही बेहतर एवं मजबूत समाज की आधारशिला होते हैं। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से माताओं और बच्चों को स्वास्थ्य व पोषण संबंधी जानकारी देना जरूरी है। इस तरह के आयोजनों से न केवल जागरूकता बढ़ती है, बल्कि महिलाओं और बच्चों की सामुदायिक गतिविधियों में सहभागिता भी मजबूत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *