सोने का बिस्किट दिलाने का झांसा देकर ठगी, रानीतराई पुलिस ने गाजियाबाद से आरोपी को दबोचा


पाटन। सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर लोगों से धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को रानीतराई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम आरोपी तक पहुंची। आरोपी की पहचान विश्वजीत मौर्य (29 वर्ष) निवासी रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रेंगाकठोरा निवासी समीर साहू की शिकायत पर थाना रानीतराई में अपराध क्रमांक 16/2026, धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जानकारी जुटाई। मोबाइल लोकेशन दूसरे राज्य में मिलने के बाद आवश्यक अनुमति लेकर रानीतराई पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश रवाना हुई। तकनीकी जानकारी के आधार पर इंदिरापुरम, जिला गाजियाबाद क्षेत्र में आरोपी की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने मोबाइल धारक राहुल कुमार के साथ मिलकर लोगों से धोखाधड़ी करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लोगों को कम कीमत में सोने का बिस्किट दिलाने का लालच देकर विश्वास में लेते थे और इसके बाद रकम लेकर ठगी करते थे। मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों और लेन-देन की जांच जारी है।
आरोपी को 6 अक्टूबर 2026 को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कम कीमत में सोना या अन्य कीमती वस्तु दिलाने का लालच देने वाले अज्ञात लोगों पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। साथ ही किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, एटीएम, मोबाइल या अन्य वित्तीय साधन उपयोग के लिए न दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *