चोरों के हौसले बुलंद, अमलेश्वर में खेतों से केबल तार की लगातार चोरी

  • पार्षद खुबी राम सोनकर के खेत को भी नहीं छोड़ा, दूसरी बार केबल तार पार; पालिका अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों से की लिखित शिकायत


पाटन। अमलेश्वर थाना क्षेत्र में खेतों से केबल तार चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं ने किसानों और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस को सूचना और शिकायतें दिए जाने के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लगने से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। इसी बीच नगर के पार्षद खुबी राम सोनकर के खेत में लगातार दूसरी बार केबल तार चोरी होने का मामला सामने आया है।
बताया जा रहा है कि खेतों में सिंचाई के लिए लगाए गए केबल तार इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। चोर रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों में पहुंचते हैं और केबल तार काटकर ले जाते हैं। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
पार्षद के खेत में दूसरी बार चोरी, तो आम किसान कितने सुरक्षित?
पार्षद खुबी राम सोनकर के खेत में दूसरी बार केबल तार चोरी होने की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रिकालीन पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जनप्रतिनिधि के खेत में ही बार-बार चोरी की घटना हो रही है, तो दूरदराज खेतों में काम करने वाले आम किसानों की सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।
पालिका अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों से की लिखित शिकायत
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर ने अमलेश्वर थाना प्रभारी सहित अनुविभागीय पुलिस अधिकारी एवं उच्च पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने और आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है।
शिकायत में क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं का उल्लेख करते हुए रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की मांग की गई है।
किसानों में बढ़ रही चिंता
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से अमलेश्वर क्षेत्र के किसानों में चिंता का माहौल है। किसानों का कहना है कि खेत गांव से दूर होने के कारण रात के समय वहां निगरानी रखना मुश्किल होता है। ऐसे में पुलिस की नियमित गश्त और चोरी की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई बेहद जरूरी है।
अब देखना होगा कि लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है और खेतों से केबल तार चोरी करने वाले आरोपियों तक कब पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *