पाटन। ग्राम लोहरसी के छोटे पारा स्थित सामुदायिक भवन में ताश खेलने से मना करने पर सरपंच के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम लोहरसी के सरपंच राकेश साहू ने पाटन थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, 4 सितंबर 2026 की रात करीब 8 बजे ग्रामीणों से सामुदायिक भवन में ताश खेले जाने की सूचना मिलने पर सरपंच राकेश साहू मौके पर पहुंचे। उनके साथ विक्रम चन्द्राकर, भेष नारायण धीवर एवं व्यास नारायण चौहान भी मौजूद थे। वहां कुछ लोग ताश खेल रहे थे। सरपंच ने सामुदायिक भवन में ताश खेलने से मना किया, जिसके बाद सभी लोग बाहर आ गए।
आरोप है कि इसी दौरान आकाश पटेल ने सरपंच राकेश साहू के साथ विवाद करते हुए गाली-गलौज की तथा डंडे से डराने के बाद मारपीट की। शिकायत में आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद विक्रम चन्द्राकर, भेष नारायण धीवर एवं व्यास नारायण चौहान ने बीच-बचाव किया। मारपीट में सरपंच के गले के पास चोट आने की बात भी शिकायत में कही गई है।
घटना से आहत एवं भयभीत सरपंच राकेश साहू ने पाटन थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले की थाना पाटन में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
