सेवा सेतु अभियान के तहत सरकार आपके द्वार शिविर में 113 आवेदन, फिर भी कम रही आमजन की भागीदारी


16 प्रकरणों का मौके पर निराकरण, कई विभागीय स्टॉल रहे सूने; प्रचार-प्रसार पर उठे सवाल


पाटन। जनपद पंचायत पाटन द्वारा सेवा सेतु अभियान के तहत सतनाम भवन में ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 113 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 16 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।
हालांकि, शिविर के दौरान आम जनता की अपेक्षाकृत कम भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली नजर आईं। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए कई स्टॉल पर भी लोगों की आवाजाही कम रही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी अपने-अपने स्टॉल पर मौजूद रहे।


व्यापक प्रचार-प्रसार का अभाव बना चर्चा का विषय
आमजन की कम उपस्थिति के बीच स्थानीय स्तर पर शिविर के पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने की चर्चा होती रही। लोगों का कहना था कि यदि आयोजन से पहले गांवों और नगर क्षेत्र में व्यापक जानकारी पहुंचाई जाती तो अधिक संख्या में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर शिविर तक पहुंच सकते थे।
सरकार की विभिन्न योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाए गए स्टॉल पर अपेक्षित संख्या में लोगों की मौजूदगी नहीं होने से आयोजन की उपयोगिता को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं।

सांसद ने किया विभागीय स्टॉल का निरीक्षण
शिविर में पहुंचे सांसद विजय बघेल ने विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास और विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों तक सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है।
कम जनभागीदारी से आयोजन की उपयोगिता पर चर्चा
सेवा सेतु अभियान के तहत सरकार की सेवाओं को जनता के करीब पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करने की मंशा है। पाटन में 113 आवेदन प्राप्त होना यह दर्शाता है कि लोगों की समस्याएं और जरूरतें शिविर तक पहुंचीं, लेकिन कार्यक्रम स्थल पर आम जनता की कम मौजूदगी और कई स्टॉल पर कम आवाजाही दिनभर चर्चा का विषय बनी रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसे शिविरों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए गांव-गांव तक पूर्व सूचना, व्यापक प्रचार-प्रसार और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
शिविर में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, जनपद अध्यक्ष कीर्ति नायक, जिला पंचायत सदस्य नीलम राजेश चंद्राकर, अमलेश्वर पालिका अध्यक्ष दयानंद सोनकर, सांसद प्रतिनिधि राजा पाठक,मंडल अध्यक्ष कमलेश साहू, रानी केशव बंछोर, ज्योति प्रकाश साहू, लोकमणि चंद्राकर, पूर्व जिला पंचायत सदस्य हर्षा चंद्राकर,जपनद उपाध्यक्ष कमलेश वर्मा, राजेश चंद्राकर, बाबा वर्मा, डॉ. सुरेश साहू, चंद्रिका साहू, केवल देवांगन, रानी बंछोर,पारखत साहू सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *