28 राज्यों की पैदल यात्रा पूरी कर रायपुर लौट रहे सौरभ देवांगन से ग्राम औरी में परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के पदाधिकारियों ने की मुलाकात

पाटन। भारत भ्रमण के उद्देश्य से पैदल यात्रा पर निकले छत्तीसगढ़ के सौरभ देवांगन 28 राज्यों एवं 5 केंद्र शासित प्रदेशों की यात्रा पूरी करने के पश्चात रायपुर लौट रहे हैं। इसी दौरान ग्राम औरी में परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के पदाधिकारियों से उनकी मुलाकात हुई। इस अवसर पर पदाधिकारियों ने सौरभ देवांगन से उनकी यात्रा के अनुभवों के संबंध में चर्चा की तथा उनके साहस, संकल्प और पर्यावरण संरक्षण के संदेश की सराहना की।

सौरभ देवांगन ने बताया कि वे 7 अक्टूबर 2021 से भारत की पैदल यात्रा पर निकले हैं। अब तक वे देश के 28 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में पैदल भ्रमण कर चुके हैं और इस दौरान 20 हजार किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुके हैं। उनका उद्देश्य केवल देश के विभिन्न हिस्सों को देखना नहीं, बल्कि लोगों से जुड़ना, उनकी संस्कृति को समझना और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।

उनकी यात्रा के दौरान पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक पेड़ लगाने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने तथा कचरे को डस्टबिन में डालने का संदेश भी दिया जा रहा है। उनके बैग पर भी “पेड़ लगाओ, जीवन बचाओ” और “Save Environment” जैसे संदेश अंकित हैं।

ग्राम औरी में हुई इस मुलाकात के दौरान परिक्षेत्रीय साहू संघ अरसनारा के पदाधिकारियों ने सौरभ देवांगन को उनकी यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके अनुभवों को समाज एवं युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। सौरभ देवांगन ने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए पर्यावरण संरक्षण और समाजहित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।

सौरभ देवांगन, मूलतः ग्राम जारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा (छत्तीसगढ़) के निवासी हैं। उनकी यह लंबी पैदल यात्रा देश की विविधता, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का एक अनूठा प्रयास है।

इस मौके पर परिक्षेत्रीय अध्यक्ष किशन हिरवानी, संतोष साहू,अर्जुन साहू,सालिक साहू,गोपेश साहू,रवि साहू,ललिता साहू,रिंकी साहू,सरिता साहू सहित अन्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *