सेलूद। लगातार हो रही बारिश के चलते ग्राम पंचायत सेलूद के बजरंग चौक सहित आसपास के इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। बारिश का पानी गलियों में जमा होने के साथ ही कई घरों में घुस गया, जिससे रहवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के कारण निचले हिस्सों में पानी का स्तर बढ़ गया है। घरों के आंगन और कमरों तक पानी पहुंचने से लोगों को घरेलू सामान सुरक्षित रखने और घरों से पानी बाहर निकालने के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है। गलियों में पानी भरने से आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
हालांकि, इस जलभराव के लिए पंचायत की व्यवस्था को जिम्मेदार नहीं माना जा सकता। स्थानीय स्तर पर यह बात भी सामने आ रही है कि कई स्थानों पर घरों का निर्माण करते समय पुराने नालों और पानी की निकासी के रास्तों को पाट दिया गया। इसके कारण बारिश का पानी अपने प्राकृतिक निकासी मार्ग से आगे नहीं बढ़ पा रहा है और पानी गलियों तथा घरों की ओर जमा हो रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुराने नाले और जल निकासी के रास्ते खुले रहते तो बारिश के पानी की निकासी अपेक्षाकृत आसानी से हो सकती थी। वहीं, बिना उचित जल निकासी की व्यवस्था के घरों का निर्माण किए जाने से भी समस्या बढ़ी है।
ऐसे में वर्तमान जलभराव की स्थिति में पंचायत प्रशासन की जिम्मेदारी के साथ-साथ उन स्थानों पर किए गए निर्माण है, जहां नाले या जल निकासी के रास्ते को पाटकर निर्माण किया गया है।
