नगरवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ हुई स्थापना, आज हवन-पूजन व महाप्रसादी
पाटन। नगर पंचायत पाटन के इतिहास में पहली बार नगर पंचायत कार्यालय परिसर में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर विधि-विधान से गणपति की स्थापना किए जाने के बाद यह आयोजन नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले ने बताया कि नगरवासियों एवं क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना को लेकर कार्यालय में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान आगामी वर्षों में भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर नगर पंचायत कार्यालय में गणपति स्थापना की परंपरा जारी रखी जाएगी।
25 सितंबर को दोपहर 12 बजे हवन-पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके पश्चात महाप्रसादी वितरण होगा। वहीं दोपहर 3 बजे भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रस्थान करेगी। नगर पंचायत अध्यक्ष ने सभी नगरवासियों से निर्धारित समय पर उपस्थित होकर कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।
गणपति स्थापना कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, उपाध्यक्ष निशा सोनी, सभापति केवल देवांगन, जितेंद्र निर्मलकर, देवेंद्र ठाकुर, नेहा बाबा वर्मा, पार्षद चंद्रप्रकाश देवांगन, अन्नपूर्णा पटेल, संगीता धुरंधर, एल्डरमैन प्रकाश बिजौरा, गंगाराम देवांगन, दामोदर चक्रधारी, योगेश सोनी, सागर सोनी, पंडित आदित्य सावर्णी सहित मुख्य नगर पालिका अधिकारी हेमंत वर्मा, उपअभियंता प्रवीण साहू एवं नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।
