तरीघाट रेस्ट हाउस का निरीक्षण: जनता के उपयोग में लाने पर जोर

उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी ने पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश, साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्था सुधारने की मांग

पाटन। ग्राम पंचायत तरीघाट स्थित लोक निर्माण विभाग (PWD) के रेस्ट हाउस की स्थिति का ग्राम पंचायत के उपसरपंच प्रकाश गोस्वामी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रेस्ट हाउस की साफ-सफाई, पार्किंग व्यवस्था, भवन के आंतरिक हिस्सों की देखरेख सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। व्यवस्थाओं में कमी नजर आने पर उन्होंने संबंधित पीडब्ल्यूडी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपसरपंच गोस्वामी ने कहा कि सरकारी भवनों और विश्राम गृहों का उद्देश्य केवल शासन-प्रशासन के अधिकारियों के उपयोग तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इनका उपयोग व्यापक जनहित और सामाजिक सरोकारों के लिए भी होना चाहिए। उन्होंने रेस्ट हाउस की नियमित साफ-सफाई, परिसर की व्यवस्था और भवन के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की बात कही।

करोड़ों की लागत से बना भवन, उपयोगिता पर उठ रहे सवाल

पुरातात्विक महत्व वाले ग्राम तरीघाट में पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में करोड़ों रुपये की लागत से रेस्ट हाउस का निर्माण कराया गया था। स्थानीय स्तर पर इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में देखा गया था। लेकिन वर्तमान में इसके संचालन और नियमित रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

निरीक्षण के दौरान रेस्ट हाउस की व्यवस्थाओं को देखते हुए उपसरपंच ने कहा कि सरकारी धन से तैयार की गई संपत्ति का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की जिम्मेदारी है। लंबे समय तक भवन खाली या सीमित उपयोग में रहने से उसकी उपयोगिता प्रभावित होने के साथ-साथ रखरखाव पर भी असर पड़ सकता है।

जनता के हित को मिले प्राथमिकता

प्रकाश गोस्वामी ने कहा कि रेस्ट हाउस का उपयोग शासन-प्रशासन के कार्यों के साथ-साथ जनता से जुड़े सामाजिक एवं सार्वजनिक हित के कार्यों में भी किया जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित विभाग से भवन की नियमित देखरेख, साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनता के पैसों से निर्मित सरकारी संपत्तियां जनता के हित में उपयोगी साबित हों, यही प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *