दुर्ग। अवैध मदिरा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग जिला आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 33.84 लीटर शराब जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में 17.64 लीटर विदेशी शराब सहित कच्ची महुआ शराब और देशी मदिरा मसाला बरामद की गई।
कलेक्टर दुर्ग अभिजीत सिंह के दिशा-निर्देश एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में 11 और 12 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।
11 सितंबर को घोरारी थाना रानीतराई-पाटन क्षेत्र में आरोपी अशोक कुमार के कब्जे से 09 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। वहीं ग्राम औटबंध, तहसील धमधा निवासी मुकेश कुमार जोशी के कब्जे से 40 नग पाव देशी मदिरा मसाला शोले जब्त किए गए।
इसके बाद 12 सितंबर को ग्राम पचपेड़ी निवासी कान्हा चंद्राकर के कब्जे से 48 नग पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की रॉयल गोवा तथा ग्राम सिरसाकला निवासी संजय सिंह ठाकुर के कब्जे से 50 नग पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की रॉयल गोवा बरामद की गई। विभाग के अनुसार रॉयल गोवा मदिरा गोवा राज्य में विक्रय हेतु अधिकृत है।
आबकारी विभाग ने कुल 33.84 लीटर शराब जब्त करते हुए छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 36 के तहत चारों आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया है।
प्रकरणों की विवेचना आबकारी उप निरीक्षक अरविंद कुमार साहू, हरीश कुमार पटेल, भोजराम रत्नाकर एवं कीर्ति ठाकुर द्वारा की जा रही है।
अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 33.84 लीटर शराब जब्त, 4 आरोपी गिरफ्तार
