सोशल मीडिया में स्टेटस लगाने पर मिली जान से मारने की धमकी, युवक ने पाटन थाने में दी शिकायत, एसपी की शिकायत पर पुलिस ने की एफ आई आर दर्ज

पाटन। नवभारत अखबार में प्रकाशित एक खबर को अपने मोबाइल के स्टेटस में लगाने के बाद ग्राम रूही निवासी परमेश्वर सिंगौर को कथित तौर पर फोन कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पाटन थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बता के की पीड़ित ने एसपी दुर्ग से फ़रियाद कर इस मामले में तत्काल अपराध दर्ज करने की थी जिसके बाद पाटन थाना पुलिस सक्रिय हुए और तत्काल अनिल चंद्राकर के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है।

शिकायत के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को नवभारत अखबार में “उत्कर्ष व विकास ने पेपर लीक कर वसूले 3 करोड़” शीर्षक से खबर प्रकाशित हुई थी। परमेश्वर सिंगौर ने उक्त खबर को अपने मोबाइल स्टेटस में लगाया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अखबार में प्रकाशित खबर में मौजूद किसी व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता और न ही उसका किसी से व्यक्तिगत विवाद है।

परमेश्वर के मुताबिक 4 सितंबर को दोपहर करीब 1:40 बजे उनके मोबाइल नंबर पर दूसरे नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम अनिल चंद्राकर बताते हुए स्टेटस लगाने को लेकर कथित तौर पर गाली-गलौज की और मारपीट करने की धमकी दी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन करने वाले ने कहा कि वह उसे मारते-मारते थाने ले जाएगा।

शिकायत में आगे बताया गया है कि इसी दिन रात करीब 3:10 बजे उनके गांव में हितेंद्र पटेल ने फोन कर बताया कि अनिल चंद्राकर गांव आया है और उन्हें बुला रहा है। साथ ही कथित रूप से जान से मारकर खत्म करने की धमकी दिए जाने की बात भी कही गई। इससे भयभीत होकर परमेश्वर सिंगौर ने गांव छोड़ दिया और अपनी जान-माल का खतरा बताया है।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी स्पष्ट किया है कि जिस ईडी मामले का खबर में उल्लेख था, उससे उनका कोई संबंध नहीं है और वे उस मामले में न तो गवाह हैं और न ही उनका कोई सरोकार है।

मामले में शिकायतकर्ता ने पाटन थाना पुलिस से कथित फोन कॉल, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। दस्तावेज में पुलिस द्वारा धारा 351(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किए जाने का उल्लेख भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *