सरस्वती शिशु मंदिर तरीघाट में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव

  • 322 भैया-बहनों ने राधा-कृष्ण की वेशभूषा में निकाली भव्य शोभायात्रा, छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झांकियों ने मोहा मन


पाटन। सरस्वती शिशु मंदिर तरीघाट के पोषक ग्राम परसुलीडीह में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव एवं राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय में अध्ययनरत 370 भैया-बहनों में से 322 बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सजकर आयोजन में शामिल हुए। बच्चों के आकर्षक रूप ने पूरे आयोजन को भक्तिमय और उत्सवपूर्ण बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति छत्तीसगढ़ प्रांत के अध्यक्ष श्री रतन चक्रधर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर ग्राम की सरपंच श्रीमती करुणा यादव, सरपंच श्रीमती चंद्रिका साहू, जिला समिति से नरेंद्र सिन्हा सहित प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शशिधर साहू, उपाध्यक्ष तेजेंद्र, सचिव यशवंत साहू, कोषाध्यक्ष जयराम तथा सदस्यगण उपस्थित रहे।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झांकियां बनीं आकर्षण का केंद्र
आयोजन के दौरान निकाली गई भव्य शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की वेशभूषा में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। शोभायात्रा में सुवा, पंथी, राउत नाचा, जंवारा, गौरागौरी, नवदुर्गा, गौरेला-भालू, बंदर सहित छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं।


इसके अलावा कृष्ण लीला तथा भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर कंस वध तक की कथा को झांकियों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। शोभायात्रा के भ्रमण के दौरान गांव की माताओं ने झांकियों के सम्मुख पहुंचकर पूजा-अर्चना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और दही लूट ने बांधा समां
संध्या बेला में विद्यालय के भैया-बहनों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इसके बाद दही लूट कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम स्थल पर देर तक उत्सव और उल्लास का माहौल बना रहा।
विद्यालय परिवार की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी समाज प्रमुखों एवं अतिथियों का श्रीफल और श्रीकृष्ण गमछा भेंटकर सम्मान किया गया। ग्राम पंचायत परसुलीडीह के समस्त पंचगण सहित ग्राम लमकेनी, सोनपुर, नवागांव, तरीघाट, केसरा एवं भरेगाभाठा से पहुंचे पालकगण तथा विद्यालय परिवार के सभी आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में समस्त पालकगण एवं भगवत सिन्हा, दुकालू निषाद, रमेश यादव, दिनेश निषाद, चंदन यादव, उमेश, नोहर, भूषण, हीरामन, छबिराम, सोमनाथ, संतोष, नरेश, खिलेश्वर, दिलीप, परमानंद, हेमंत, जोगेंद्र, हरिश्चंद्र, मिलऊ, मिलन, घनश्याम, मिथिलेश, मालिक राम, सालिक, नरेंद्र, चेतन, प्रीतलाल, अरुण, रेखराम, तेजेस साहू, जितेंद्र, राजकुमार, रामायण, गुलशन, देवचरण, कमल नारायण, संजय, पारसमणी, कमलेश, राकेश, पिकेश्वर, सुनीत, आयांश, नेतराम, यशवंत, देवा एवं हर्ष सहित अनेक लोगों का विशेष सहयोग रहा।
कार्यक्रम का मंच संचालन दिनेश निषाद ने किया तथा आभार प्रदर्शन प्रधानाचार्य देवनारायण साहू ने किया। अंत में राधा-कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता सहित विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने वाले सभी भैया-बहनों को पुरस्कार वितरित किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *