पाटन। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के यौम-ए-पैदाइश के मुबारक मौके पर पाटन नगर में जश्न-ए-ईद-मिलाद-उन-नबी का त्योहार अकीदत और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर जामा मस्जिद पाटन को आकर्षक रोशनी से सजाया गया। पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम ने पूरी इंसानियत को अमन, मोहब्बत, इंसाफ और भाईचारे का पैगाम दिया। उनकी शिक्षाएं सच्चाई, ईमानदारी और इंसानियत की सेवा का संदेश देती हैं।रबी-उल-अव्वल की पहली तारीख से ही जामा मस्जिद में दरूद ख्वानी का सिलसिला शुरू हुआ। 24 अगस्त को भिलाई से पहुंचे मुफ्ती मोहम्मद जलालुद्दीन कादरी साहब ने पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की सीरत-ए-पाक पर रोशनी डाली। महफिल में नातख्वां अय्यूब खान, अशोगा शैफ, सलमान और मोहम्मद शाहनवाज ने नाते-पाक पेश की।जुलूस में उमड़ा समाजरबी-उल-अव्वल की 12वीं तारीख को फज्र की नमाज के बाद जामा मस्जिद में परचम कुशाई की गई। इसके बाद सुबह 10 बजे जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस पाटन शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों से होकर गुजरा। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए चाय, नाश्ता और फल की व्यवस्था की।
जुहर की नमाज के समय जुलूस वापस जामा मस्जिद पहुंचा। यहां दोबारा परचम कुशाई की गई और केक काटा गया। इसके बाद आम लंगर का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने शामिल होकर लंगर-ए-मोहम्मदी का तबर्रुक हासिल किया।
कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों नवागांव, बोरिद, रानीतराई, असोगा, आमदी, मर्रा, तर्रा, फूंडा, तेलीगुंडरा और बोरेंदा से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
अमन-चैन की मांगी दुआ ,कार्यक्रम जमात के सदर हाजी शकील मोहम्मद के नेतृत्व में हुआ। नायब सदर सैय्यद जाफरी, खजांची कलीम मोहम्मद, सज्जाद हुसैन, सेक्रेटरी सैय्यद वसीम अली सहित समाज के लोग मौजूद रहे। पाटन जामा मस्जिद के पेश इमाम जनाब हाफिज अहमद रजा साहब भी मौजूद रहे। सभी ने देश और समाज में अमन, चैन और भाईचारे के लिए दुआ की।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था ,,जुलूस के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और साइबर ब्रांच की ओर से जामा मस्जिद परिसर में कैंप लगाया गया। पाटन थाना पुलिस की टीम पूरे जुलूस के दौरान मुस्तैदी से तैनात रही। पुलिस प्रशासन के इस सहयोग के लिए पाटन मुस्लिम समाज ने पाटन थाना एवं पुलिस प्रशासन का आभार जताया।
