धारा प्रवाह पठन एवं पहाड़ा वाचन को प्राथमिकता में रखें : बीईओ देवांगन


पाटन। शिक्षा गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से विकासखंड पाटन अंतर्गत चिन्हित विद्यालयों के संस्था प्रमुखों एवं संकुल समन्वयकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड शिक्षा अधिकारी डालेंद्र कुमार देवांगन ने विद्यालयवार शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा करते हुए धारा प्रवाह पठन एवं पहाड़ा वाचन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।


बीईओ देवांगन ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षा गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने बेहतर कार्य करने वाले संस्था प्रमुखों के प्रयासों की सराहना करते हुए अन्य विद्यालयों को भी प्रभावी शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
समीक्षा के दौरान प्राथमिक स्तर पर धारा प्रवाह हिंदी पठन तथा पूर्व माध्यमिक स्तर पर धारा प्रवाह अंग्रेजी पठन में शत-प्रतिशत दक्षता हासिल करने वाले विद्यालयों की प्रगति की जानकारी ली गई। इसी प्रकार प्राथमिक स्तर पर 20 तक तथा पूर्व माध्यमिक स्तर पर 25 तक पहाड़ा वाचन की स्थिति की भी विद्यालयवार समीक्षा की गई। संस्था प्रमुखों से वन-टू-वन चर्चा कर विद्यार्थियों की पठन एवं गणितीय दक्षता बढ़ाने व पहाड़ा वाचन को सुदृढ़ करने के लिए किए जा रहे विशेष प्रयासों की जानकारी ली ।
बीईओ देवांगन ने सभी संबंधित संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया कि आगामी एक सप्ताह के भीतर विद्यालयों में पठन एवं पहाड़ा वाचन का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करें तथा उपलब्धि के संबंध में प्रमाण-पत्र संकुल समन्वयक के माध्यम से विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें।
बैठक में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप महिलांगे, विकासखंड स्रोत समन्वयक गुनेश्वर वर्मा सहित चिन्हित विद्यालयों के संस्था प्रमुख एवं संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *