पाटन। शिवोम् विद्यापीठ सांकरा में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की मैनेजिंग डायरेक्टर सौम्या शर्मा ने ध्वजारोहण कर किया। इसके पश्चात उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन कर देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना व्यक्त की।
समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को आकर्षक और भावपूर्ण बना दिया।

इस अवसर पर मैनेजिंग डायरेक्टर सौम्या शर्मा ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन देश की एकता, अखंडता एवं गौरव को सदैव बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ।
