दुर्ग। सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से बाइक चलाकर स्टंट करने वाले दो युवकों के खिलाफ यातायात पुलिस दुर्ग ने सख्त कार्रवाई की है। आम नागरिक की शिकायत पर CCTV तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए ₹12 हजार का चालान किया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों युवक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए गए। कार्रवाई के बाद दोनों के पालकों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई। पालकों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि वे बिना लाइसेंस अपने बच्चों को वाहन न दें और उन्हें तेज रफ्तार व सड़क पर स्टंट जैसी खतरनाक गतिविधियों से दूर रखें।
इसके अलावा बिना लाइसेंस वाहन चलाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला परिवहन अधिकारी को पत्र भी प्रेषित किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा की गई। यातायात पुलिस ने कहा कि लापरवाहीपूर्वक, तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क को स्टंट का मैदान न बनाएं। तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से अपनी तथा दूसरों की जान जोखिम में न डालें। ऐसे बाइकर्स की सूचना यातायात पुलिस की हेल्पलाइन 9479192029 पर दें।
