भाजयुमो मंडल कोषाध्यक्ष पर जानलेवा हमला, तीन के खिलाफ मामला दर्ज

  • घायल रोशन सिंगौर ने मुख्यमंत्री व सांसद से लगाई न्याय की गुहार, घटना का वीडियो वायरल


पाटन। ग्राम रूही में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) अमलेश्वर मंडल के कोषाध्यक्ष रोशन सिंगौर पर कथित रूप से तीन युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में रोशन सिंगौर के सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उन्हें डायल 112 की मदद से लहूलुहान अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की रात करीब 10 बजे ग्राम रूही के हनुमान मंदिर के पास रोशन सिंगौर, छगन सिंगौर, कोमल सिंगौर, आर्यन सिंगौर सहित अन्य लोग बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान गांव के ओमप्रकाश सिंगौर, भूपेश सिंगौर और लोकेश नेताम वहां पहुंचे। बताया गया कि ओमप्रकाश का छगन सिंगौर से विवाद होने लगा। स्थिति बिगड़ती देख रोशन सिंगौर छगन को वहां से लेकर जाने लगे। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने रोशन के साथ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर दी, जिससे उनके सिर पर चोट आई।
पीड़ित की शिकायत पर थाना पाटन पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में घायल रोशन सिंगौर ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और सांसद विजय बघेल से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *