आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेलूद में 20 बालिकाओं को लगा एचपीवी टीका

पाटन। सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से संचालित एचपीवी विशेष टीकाकरण अभियान के तहत पाटन विकासखंड के आयुष्मान आरोग्य मंदिर सेलूद में पात्र बालिकाओं का टीकाकरण किया गया। अभियान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी दुर्ग डॉ. मनोज दानी के निर्देशानुसार तथा खंड चिकित्सा अधिकारी पाटन डॉ. बी. कठौतिया एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. दिव्या श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
टीकाकरण सत्र में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की कुल 20 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। इनमें गोंड़पेंड्री की 12 तथा सेलूद की 8 बालिकाएं शामिल रहीं। टीकाकरण से पूर्व स्वास्थ्य कर्मियों ने अभिभावकों एवं बालिकाओं को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर से बचाव तथा वैक्सीन के महत्व की जानकारी दी। टीकाकरण के दौरान सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों एवं कोल्ड चेन व्यवस्था का पालन किया गया। सभी हितग्राहियों का यू-विन पोर्टल में ऑनलाइन पंजीयन कर प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में प्रभावी है तथा समय पर टीकाकरण से बालिकाओं को भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिलती है। विभाग ने सभी पात्र बालिकाओं के अभिभावकों से निर्धारित आयु पर टीकाकरण अवश्य कराने की अपील की है।
अभियान के सफल संचालन में सेक्टर प्रभारी वंदना शर्मा, सेक्टर सुपरवाइजर आर.एस. शांडिल्य, आरएचओ वंदना चौधरी, मधु साहू, पी. चेलम, जॉयसी, जेएसए विवेक साहू सहित क्षेत्र की मितानिनों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *