पाटन के दो निजी स्कूलों में यूनिफॉर्म व जूते की बिक्री की शिकायत की जांच

  • जांच में दोनों विद्यालयों ने परिसर में बिक्री व पालकों पर दबाव बनाने के आरोपों से किया इनकार


पाटन। विकासखंड स्रोत केंद्र, समग्र शिक्षा पाटन द्वारा प्राप्त शिकायत के आधार पर पाटन क्षेत्र के दो अशासकीय विद्यालयों में विद्यालय परिसर के भीतर यूनिफॉर्म एवं जूते बेचने तथा पालकों पर इन्हें खरीदने के लिए दबाव बनाने संबंधी शिकायत की जांच की गई।
जांच के दौरान ए.के. गोयल पब्लिक स्कूल, पाटन तथा मैत्री विद्या निकेतन इंग्लिश मीडियम स्कूल, पाटन के प्राचार्यों से निर्धारित प्रपत्र के अनुसार जानकारी प्राप्त की गई।
जांच प्रतिवेदन में दोनों विद्यालयों ने लिखित रूप से स्पष्ट किया कि विद्यालय परिसर में यूनिफॉर्म एवं जूते का विक्रय नहीं किया जाता है। साथ ही पालकों पर विद्यालय से यूनिफॉर्म या जूते खरीदने के लिए किसी भी प्रकार का दबाव नहीं बनाया जाता।
दोनों विद्यालयों के प्राचार्यों ने जांच प्रपत्र पर हस्ताक्षर एवं विद्यालय की मुहर सहित अपना पक्ष प्रस्तुत किया। इसके बाद जांच प्रतिवेदन विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पाटन को सौंप दिया गया है।
समग्र शिक्षा कार्यालय के अनुसार, वर्तमान जांच में शिकायत की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि भविष्य में यदि इस संबंध में कोई ठोस तथ्य या प्रमाण प्राप्त होते हैं, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि सीबीएसई की एनसीईआरटी आधारित पाठ्यपुस्तकों की कीमत अपेक्षाकृत काफी कम होती है। किसी भी कक्षा की सभी विषयों की सीबीएसई/एनसीईआरटी पुस्तकों का पूरा सेट जिस कीमत में उपलब्ध हो जाता है, उससे अधिक कीमत कई निजी प्रकाशकों (प्राइवेट पब्लिकेशन) की पुस्तकों के सेट की होती है। ऐसे में पालकों द्वारा समय-समय पर निजी प्रकाशनों की महंगी पुस्तकों को लेकर भी चिंता जताई जाती रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *