खाद-बीज और आवास की मांग पर 18 जून को होगा जल सत्याग्रह

मुख्यमंत्री व मंत्रिमंडल की सद्बुद्धि के लिए होगी पूजा-अर्चना, लक्ष्मी सागर तालाब में उतरेंगे किसान और आवास हितग्राही

पाटन। किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की मांग को लेकर पाटन विकासखंड में 18 जून को जल सत्याग्रह किया जाएगा। आंदोलन को लेकर किसानों एवं आवास हितग्राहियों की बैठक आयोजित कर रणनीति बनाई गई है।
मंगलवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में जनकल्याण समिति के अध्यक्ष युगल किशोर आडिल ने बताया कि पाटन विकासखंड की 35 सेवा सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को खाद एवं बीज का वितरण किया जाता है, लेकिन इस वर्ष खाद की भारी कमी बनी हुई है। कई किसानों को खाद प्राप्त करने के लिए बार-बार समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जबकि कुछ स्थानों पर किसान सुबह चार बजे से ऋण पुस्तिका लेकर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन की शुरुआत में डीएपी खाद की सर्वाधिक आवश्यकता होती है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय पर खाद नहीं मिलने से फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों की आजीविका पूरी तरह खेती पर निर्भर है और इसी आय से वे परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की शिक्षा, विवाह तथा मकान निर्माण जैसे कार्य करते हैं।
युगल किशोर आडिल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना में कई पात्र हितग्राहियों के नाम नोडल अधिकारियों द्वारा सूची से हटा दिए गए हैं। इस संबंध में हितग्राहियों ने जिला पंचायत सीईओ, अतिरिक्त कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायतें भी दर्ज कराई हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
किसानों और हितग्राहियों ने मांग की है कि पाटन ब्लॉक की सभी 35 सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए तथा अपात्र घोषित किए गए पात्र प्रधानमंत्री आवास हितग्राहियों को पुनः योजना का लाभ दिया जाए।
इन मांगों को लेकर 18 जून (गुरुवार) को सुबह 9 बजे शिव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद लक्ष्मी सागर तालाब में जल सत्याग्रह शुरू किया जाएगा। आंदोलनकारियों द्वारा मुख्यमंत्री एवं मंत्रिमंडल की सद्बुद्धि के लिए भी पूजा-अर्चना किए जाने की जानकारी दी गई है। आयोजकों के अनुसार आंदोलन की सूचना शासन-प्रशासन को दे दी गई है तथा इसमें कुर्मीगुंडरा सहित पाटन क्षेत्र के अनेक गांवों के किसान और आवास हितग्राही बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *