शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव – बाबा वर्मा

  • शासकीय पीएम श्री विद्यालय अखरा में शाला प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक संपन्न

अखरा। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय पीएम श्री विद्यालय अखरा में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम के तहत नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। साथ ही बच्चों को गणवेश एवं पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। विद्यालय परिवार द्वारा सभी छात्र-छात्राओं का मुंह मीठा कराकर नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ युवा नेता श्री बाबा वर्मा ने कहा कि “शिक्षा केवल ज्ञान अर्जित करने का माध्यम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी शिक्षा में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

श्री वर्मा ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि अनुशासन, परिश्रम और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा अपने माता-पिता, विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक संतोष वर्मा सहित शिक्षक चंचल द्विवेदी, मनोज वर्मा, श्रीमती राजेश्वरी वर्मा, सीताराम देवांगन, रोहित ठाकुर, श्रीमती सरोज बघेल, आशीष साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सेवा सहकारी समिति पाटन के प्राधिकृत अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, सांसद प्रतिनिधि योगेश्वर वर्मा, विधायक प्रतिनिधि राजेंद्र यादव, पालक समिति की सदस्य श्रीमती नेहा चक्रधारी एवं श्रीमती राजेश्वरी वर्मा सहित पालकगण, शिक्षकगण, ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

शाला प्रवेश उत्सव के माध्यम से सभी ने यह संकल्प लिया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे तथा “हर बच्चा पढ़े, हर बच्चा बढ़े” के लक्ष्य को साकार किया जाए। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय परिवार द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *