पाटन। ग्राम पंचायत सेलूद की शासकीय उचित मूल्य दुकान में कीड़ेयुक्त चावल वितरण का मामला सामने आने और समाचार के प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। मंगलवार को संबंधित विभाग के अधिकारियों ने राशन दुकान पहुंचकर जांच की और कीड़े लग चुके चावल के स्टॉक को दुकान से हटाने की कार्रवाई की।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत सेलूद के सरपंच खिलेश मारकंडे ने राशन दुकान में वितरित किए जा रहे चावल में काले रंग के कीड़े एवं इल्लियां पाए जाने पर कड़ा विरोध जताया था। उन्होंने खाद्य विभाग से तत्काल जांच कर खराब चावल को बदलने तथा जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की थी।
समाचार के प्रकाशन के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राशन दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान चावल की गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद कीड़ेयुक्त चावल के स्टॉक को दुकान से हटाकर उसके स्थान पर गुणवत्तापूर्ण चावल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई।
इस कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रशासन द्वारा कदम उठाना स्वागत योग्य है, लेकिन भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए गोदाम से राशन दुकानों तक पहुंचने वाले खाद्यान्न की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सरपंच खिलेश मारकंडे ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में इसी तरह संवेदनशीलता दिखाते हुए लोगों को गुणवत्तापूर्ण राशन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने दोषी लोगों के खिलाफ जांच कर आवश्यक कार्रवाई की भी मांग की है।
खबर के प्रकाशन के बाद हरकत में आया प्रशासन, सेलूद राशन दुकान से हटाया गया कीड़ेयुक्त चावल
