पाटन। जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) बजरंग दुबे ने आज ग्राम पंचायत पतोरा का दौरा कर पंचायत में संचालित विभिन्न विकास एवं स्वच्छता संबंधी योजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एफएसटीपी (FSTP), बायोगैस संयंत्र, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट सहित पंचायत में चल रहे विभिन्न शासकीय कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी ली तथा उनके संचालन और प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता प्रबंधन एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर जनपद पंचायत पाटन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जागेंद्र साहू का मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ। उन्होंने पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर संचालन एवं जनहितकारी कार्यों को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
दौरे के दौरान ग्राम पंचायत पतोरा के सरपंच भुनेश्वर प्रसाद साहू ने पंचायत में संचालित गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी अधिकारियों को दी। इस अवसर पर सचिव नरेश कुमार महतो, रणजीत सिंह, गिरीश माथुरे, राजेश तांडेकर, नरेश कुमार साहू, लोकेश्वर साहू सहित अन्य ग्रामीण एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला पंचायत सीईओ ने पंचायत द्वारा स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य करने की बात कही।
