पाटन। एआईसीसी महासचिव, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल ने सोमवार को क्षेत्र की सेवा सहकारी समितियों का निरीक्षण कर किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान भूपेश बघेल ने किसानों, महिला समूहों एवं समिति सदस्यों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। किसानों ने खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया।
भूपेश बघेल ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार एवं जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी हर जायज मांग को प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा तथा कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुजीत बघेल, पुरुषोत्तम तिवारी सहित बड़ी संख्या में किसान, महिला प्रतिनिधि, समिति सदस्य एवं कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
किसानों की समस्याओं से रूबरू हुए भूपेश बघेल, सेवा सहकारी समितियों का किया निरीक्षण
