पाटन। ग्राम पंचायत पतोरा में लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। आए दिन होने वाले बिजली व्यवधान के कारण बच्चों की पढ़ाई, व्यापार-व्यवसाय, घरेलू कार्यों तथा आम जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में बार-बार बिजली बंद होने से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है।

ग्राम पंचायत पतोरा के सरपंच भुनेश्वर साहू ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से बिजली समस्या से जूझ रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने विद्युत विभाग से मांग की है कि पतोरा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए तथा बार-बार होने वाली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए।
सरपंच भुनेश्वर साहू ने कहा कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने बताया कि बिजली समस्या के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, छोटे व्यवसायों को नुकसान उठाना पड़ रहा है और घरेलू कार्य भी बाधित हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन और विद्युत विभाग से मांग की है कि पतोरा में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
सरपंच भुनेश्वर साहू ने कहा कि पतोरा की जनता की एक ही मांग है – “24 घंटे बिजली, बिना किसी रुकावट के।” उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीणों के साथ मिलकर जनहित में आगे की रणनीति बनाई जाएगी।
