औंसर पंचायत में दो दिवसीय युवा सशक्तिकरण समर कैंप का आयोजन, बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

रानीतराई। ग्राम पंचायत औंसर में चैतन्य संस्था और पंचायत द्वारा दो दिवसीय युवा सशक्तिकरण समर कैंप का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य बच्चों एवं किशोर-किशोरियों के व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास में वृद्धि तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में बच्चों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई तथा उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कई रोचक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

समर कैंप के दौरान बच्चों के लिए योग एवं ध्यान, स्व-मूल्यांकन, व्यक्तित्व विकास, जेंडर समानता, नशामुक्त जीवन, सोशल मीडिया के प्रभाव एवं साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। इसके अलावा खेलकूद गतिविधियों एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में चैतन्य संस्था की ट्रेनिंग एसोसिएट प्रिया शर्मा ने बच्चों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन कौशल एवं सकारात्मक सोच के बारे में जानकारी दी। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के यशवंत कुमार ने बच्चों को कानूनी जागरूकता, बाल अधिकार एवं विभिन्न कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

इस आयोजन को सफल बनाने में ग्राम पंचायत औंसर की सरपंच श्रीमती प्रियलता महिपाल का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बच्चों को शिक्षा, खेल, नशामुक्ति एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। वहीं शिक्षक अनकेश्वर महिपाल ने बच्चों को प्रभावी अध्ययन पद्धति, कैरियर मार्गदर्शन तथा पुस्तकों के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

समापन अवसर पर बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया। चैतन्य संस्था ने सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन से बच्चों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *