- विश्व रक्तदाता दिवस पर विशाल रक्तदान शिविर एवं सम्मान समारोह संपन्न, सांसद विजय बघेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और समाजसेवी रहे उपस्थित
भिलाई। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब छत्तीसगढ़ द्वारा कर्मा भवन, जी.ई. रोड सुपेला में विशाल रक्तदान शिविर एवं रक्तदाता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे रक्तवीरों, रक्तमित्रों एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल थे। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मंत्री अमित साहू, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, वरिष्ठ समाजसेवी इंद्रजीत सिंह “छोटू भैया”, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, सभापति नगर निगम भिलाई गिरवर बंटी साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के संस्थापक सूरज साहू एवं हीराशंकर साहू के नेतृत्व में प्रदेशभर से आए रक्तदाताओं और समाजसेवी संस्थाओं का सम्मान किया गया। इस दौरान नियमित रक्तदान करने वाले रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में 198 बार रक्तदान कर चुके एम. वासुदेव राव, 131 बार रक्तदान करने वाले फनेंद्र जैन, 99 बार रक्तदान करने वाली अंतरा गोवर्धन, 130वीं बार रक्तदान करने वाले फनेंद्र जैन तथा 126वीं बार रक्तदान करने वाले राज अढातिया सहित अनेक रक्तवीरों को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जीवनदान सेवा संस्था, नवदृष्टि फाउंडेशन, डोनेट थोड़ा सा, प्रजा सेवा समिति, युवा शक्ति संगठन, हेल्पिंग हैंड्स क्लब रायपुर, ओम साईं रक्तदाता सेवार्थ समिति, पीपुल फॉर एनिमल, छात्र युवा मंच, ब्लड डोनर फाउंडेशन भानुप्रतापपुर, मां महामाया रक्तदाता सेवार्थ समिति, डी.वी. रक्तदान महादान दल्ली राजहरा, प्रमा फाउंडेशन सहित कई सामाजिक संगठनों को भी सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। आज के व्यस्त जीवन में भी जो लोग दूसरों का जीवन बचाने के लिए समय निकालकर रक्तदान करते हैं, वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि सेवा का भाव ही समाज को आगे बढ़ाता है और रक्तदान जैसे कार्य मानवता की सच्ची मिसाल हैं।
उन्होंने रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के संस्थापक सूरज साहू और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम समाज में दिखाई दे रहे हैं। सांसद ने सभी रक्तदाताओं, रक्तमित्रों एवं सामाजिक संस्थाओं के योगदान की प्रशंसा करते हुए अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भी रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि यह ऐसा पुनीत कार्य है, जो केवल एक मनुष्य ही दूसरे मनुष्य के जीवन की रक्षा के लिए कर सकता है। रक्तदान के क्षेत्र में कार्य कर रहे व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान करना भी समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण कार्य है।
समारोह में रेड ड्रॉप फ्रेंड्स क्लब के पदाधिकारी हरीश साहू, महेश साहू, किशन हिरवानी, तेजेंद्र साहू, पायल, मीनाक्षी, शालिनी, गौरी विश्वकर्मा, सीरत, हेमा साहू, धनेश्वरी साहू सहित बड़ी संख्या में रक्तदाता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।
